शिमला8 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

भाजपा महामंत्री त्रिलोक जम्वाल
दिल्ली नगर निगम चुनाव में प्रदेश भाजपा के नेताओं को भी अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रदेश भाजपा महामंत्री त्रिलोक सोमवार को दिल्ली नगर निगम चुनाव का संयोजक बनाया गया है जबकि पार्टी के उपाध्यक्ष संजीव कटवाल को सह संयोजक बनाया गया है। इसके अलावा पार्टी ने प्रदेश के 20 से ज्यादा नेताओं की ड्यूटी दिल्ली नगर निगम चुनाव में लगाई है। इसमें उन नेताओं के नाम शामिल हैं जिन्हें पार्टी ने इस विधानसभा चुनाव में पहली बार टिकट दिया है। इसमें किन्नौर से भाजपा प्रत्याशी सुरत नेगी, भरमौर से डॉक्टर जनक राज और रामपुर से कॉल नेगी का नाम शामिल है। अगले महीने चार दिसंबर को होने वाले दिल्ली नगर निगम चुनाव तक ये सभी नेता दिल्ली में डटे रहेंगे और वार्ड स्तर पर चुनाव प्रचार में भाग लेंगे। पार्टी ने इन सभी नेताओं की ड्यूटी वार्ड स्तर पर लगा रखी है जो वहां पर चुनावी माहौल को भाजपा के पक्ष में करने का काम करेंगे। दिल्ली में हिमाचलियों की ज्यादा संख्या को देखते हुए पार्टी ने प्रदेश के नेताओं को दिल्ली नगर निगम चुनाव के लिए फील्ड में उतारा है। प्रदेश विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा के नेता दिल्ली नगर निगम चुनाव जीतने के लिए अब अपनी पूरी ताकत झौंकेंगेँ।
हिमाचल के चुनाव में भी भाजपा ने उतारी थी अपनी पूरी फौज प्रदेश विधानसभा चुनाव के बाद अब पार्टी के नेता दिल्ली नगर निगम चुनाव जीतने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंकेगे। विधानसभा चुनाव के लिए भी पार्टी ने भाजपा शासित राज्यों के नेताओं की ड्यूटी यहां पर लगाई थी। बाहर से आए नेता ब्लॉक और मंडल स्तर पर चुनाव प्रचार में जुटे हुए थे ठीक इसी तरह अब दिल्ली नगर निगम चुनाव के लिए पार्टी ने वोट स्तर पर हिमाचल के नेताओं की ड्यूटी तय कर दी है।
महिला मोर्चा पहले दिल्ली में डटी हुईं
दिल्ली नगर निगम चुनाव के लिए प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा के सदस्यों ने पहले से ही दिल्ली में मोर्चा संभाला हुआ है। मोर्चा की सदस्य वार्ड स्तर चुनाव प्रचार में जुटी हुई है। अब पार्टी के अन्य पदाधिकारी भी आज से दिल्ली नगर निगम चुनाव के लिए मोर्चा संभालेंगे। इससे पहले मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर दिल्ली नगर निगम चुनाव के लिए रोड शो में भाग ले चुके हैं।