09:28 AM, 30-Oct-2022
चंबा सदर से भाजपा का टिकट कटने के बाद इंदिरा कपूर निर्दलीय मैदान में उतरे
इनके अलावा भाजपा नेताओं में धर्मशाला से विपिन नैहरिया, अनिल चौधरी, कांगड़ा से कुलभाष चौधरी, मनाली से महेंद्र सिंह ठाकुर, बड़सर से संजीव शर्मा, हमीरपुर से नरेश दर्जी, भोरंज से पवन कुमार और रोहडू़ से राजेंद्र धीरटा ने नामांकन वापस नहीं लिए हैं। चंबा सदर से भाजपा का टिकट कटने के बाद इंदिरा कपूर भी बतौर आजाद प्रत्याशी मैदान में हैं।
09:11 AM, 30-Oct-2022
भाजपा से जुडे़ इन नेताओं ने वापस नहीं लिए नाम
भाजपा से जुडे़ रहे जिन नेताओं ने नाम वापस नहीं लिए हैं, उनमें बंजार से महेश्वर सिंह के बेटे हितेश्वर सिंह, आनी से विधायक किशोरी लाल सागर, देहरा से विधायक होशियार सिंह, नालागढ़ से पूर्व विधायक केएल ठाकुर, इंदौरा से पूर्व विधायक मनोहर धीमान, किन्नौर से पूर्व भाजपा विधायक तेजवंत नेगी, फतेहपुर से पूर्व सांसद कृपाल परमार, सुंदरनगर से पूर्व मंत्री रूप सिंह ठाकुर के बेटे अभिषेक ठाकुर, बिलासपुर से सुभाष शर्मा, मंडी सदर से भाजपा नेता प्रवीण शर्मा, कुल्लू सदर से राम सिंह और नाचन से भाजपा नेता ज्ञान चंद शामिल हैं।
08:36 AM, 30-Oct-2022
12 नवंबर को चुनाव, 8 दिसंबर को नतीजे
अब 68 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 413 प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए हैं। 12 नवंबर को होने वाले चुनाव में इनके भविष्य का फैसला होगा। 8 दिसंबर को नतीजे घोषित होने हैं।
08:32 AM, 30-Oct-2022
Himachal Election 2022 Live: 92 निर्दलियों ने नाम वापस, भाजपा के 21 और कांग्रेस के सात बागी डटे
नामांकन वापसी के आखिरी दिन शनिवार को कुल्लू से निर्दलीय उतरे भाजपा के पूर्व सांसद महेश्वर सिंह और चिंतपूर्णी से निर्दलीय उतरे कांग्रेस के पूर्व मंत्री कुलदीप कुमार समेत प्रदेश भर में 92 प्रत्याशियों ने अपने नामांकन वापस ले लिए। इसके बावजूद भाजपा के 21 और कांग्रेस के सात बागियों ने अपने नामांकन वापस नहीं लिए। इससे विधानसभा चुनाव में भाजपा और कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ेंगी।