हिमाचल प्रदेश में 68 विधानसभा सीटों के लिए आज मतदान हो रहा है। देश भर में बनाए गए 7,881 मतदान केंद्रों में मतदान हो रहा है। 8 दिसंबर को चुनाव नतीजे घोषित होंगे। मतदाता चुनावी मैदान में उतरे भाजपा, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी (आप), माकपा, बसपा और निर्दलीय समेत 412 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। इस सियासी जंग में भाजपा उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की तर्ज पर सरकारें बदल जाने का रिवाज बदलने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा रही है, तो कांग्रेस सत्ता में लौटने का प्रयास कर रही है। गौर हो कि प्रदेश में वर्ष 1990 के बाद कोई भी सरकार रिपीट नहीं हो पाई है। इस मिथक को तोड़ने के लिए भाजपा केंद्र और राज्य सरकार के डबल इंजन की ताकत से रिवाज बदलने के नारे के साथ चुनाव लड़ रही है। कांग्रेस जवाब में रिवाज के बजाय सरकार बदलने के एलान के साथ चुनावी रण में उतरी है। शांतिपूर्ण चुनाव करवाने के लिए प्रदेश के चप्पे-चप्पे पर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ ) और प्रदेश पुलिस के 35 हजार जवानों की तैनाती की गई है। जानिए किस दिग्गज ने कहां डाला वोट…
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने गृह क्षेत्र सराज की मुरहाग पंचायत में स्थित मतदान केंद् आहौंण में परिवार सहित वोट डाला। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सराज विधानसभा में मतदान केंद्र संख्या 44 पर जाकर मतदान किया। उन्होंने कहा कि मेरा लोगों से अनुरोध है कि मतदान के लिए जरूर जाएं और प्राथमिकता के आधार पर जाएं। ज्यादा से ज्यादा वोट डालें।
जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और उनकी पत्नी मल्लिका नड्डा ने बिलासपुर के मतदान केंद्र संख्या-53 विजयपुर में मतदान किया। जेपी नड्डा ने कहा कि सुबह से जिस तरह का माहौल देख रहा हूं, उससे मुझे लगता है कि लोगों में जोश है और यह जोश कुछ बेहतर करने के लिए है। मैं लोगों से बड़ी संख्या में वोट डालने का अनुरोध करता हूं।
पूर्व सीएम प्रेम कुमार धूमल ने पत्नी, बेटे केंद्रीय सूचना प्रसारण एवं खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर, बहु व परिवार के अन्य सदस्यों के साथ समीरपुर पोलिंग बूथ पर मतदान किया। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि लोग ज्यादा से ज्यादा मतदान करें। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, मणिपुर और गोवा में हमारी सरकार दोबारा बनी है। इस बार हिमाचल प्रदेश और गुजरात में भी ऐसा होने जा रहा है। भाजपा सरकार में सुशासन, विकास और जनकल्याण के कई काम हुए हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह व विधायक विक्रमादित्य सिंह ने रामपुर के पदम छात्र स्कूल पोलिंग बूथ संख्या 83-84 पर मतदान किया। उन्होंने मतदान से पहले शिमला के रामपुर में शनि मंदिर में दर्शन किए। कांग्रेस के विधायक विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि कांग्रेस की हिमाचल प्रदेश में जीत होने वाली है और राज्य की दशा और दिशा बदलने के लिए यह चुनाव हो रहा है। यह चुनाव हिमाचल से जुड़ा हुआ है और उसके भविष्य का चुनाव है। वर्तमान भाजपा सरकार ने हर वर्ग के इंसान की आवाज को दबाया और अनसुना किया है।