- Hindi News
- Local
- Rajasthan
- Bikaner
- Friend Said On Social Media Lottery Is Out, Will Have To Come To Ranchi To Collect Money, Girl Reached Sanganer Airport, Police Caught
बीकानेरएक घंटा पहले
- कॉपी लिंक

गंगाशहर पुलिस ने सात घंटे में एक नाबालिग लड़की को ठगी का शिकार होने से बचा लिया।
गंगाशहर पुलिस ने सात घंटे में एक नाबालिग लड़की को ठगी का शिकार होने से बचा लिया। घटना बुधवार की है। गंगाशहर की नाबालिग लड़की की दोस्ती इंस्टाग्राम पर झारखंड के किसी युवक से हो गई। उस युवक ने लड़की को मैसेज किया कि उसके नंबर पर लाटरी लगी है। ईनाम की रकम रांची से कलेक्ट करनी होगी। पैसे के लालच में लड़की ने ऑन लाइन कैब बुक कराई और बैग में कपड़े डालकर जयपुर के लिए निकल गई। लड़की के पिता नहीं है। उसने रास्ते से अपनी मां को फोन करके यह बात बताई तो वे चिंतित हो गए।
लड़की को समझाया लेकिन वह नहीं मानी। लड़की के बैंक अकाउंट में 3.50 लाख रुपए थे। लड़की की मां और दादा को पता था कि वह किसी बड़ी ठगी का शिकार हो सकती है। दोनों शाम को छह बजे थाने पहुंचे। एसएचओ लक्ष्मण सिंह को घटना की जानकारी दी। एसएचओ ने बताया कि पहले बैंक से संपर्क कर लड़की एटीएम ब्लॉक कराया। उसके बाद साइबर सेल की मदद ली गई। दीपक यादव ने लड़की के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस कर ली। रतनगढ़ और लक्ष्मणगढ़ पुलिस को बताकर गाड़ियों की छानबीन भी कराई गई। लेकिन वह आगे निकल चुकी थी।
लक्ष्मण सिंह ने बताया कि कांस्टेबल चंद्रभान को जयपुर रवाना किया गया। लड़की की मां और दादा भी उसके साथ थे। सभी निजी कार से रवाना हुए। कुछ घंटों बाद लड़की की लोकेशन सांगानेर एयरपोर्ट आई। परिजन रात को एयरपोर्ट जा पहुंचे, जहां उन्हें लड़की मिल गई। एसएचओ ने बताया कि एटीएम ब्लॉक करने से वह रांची के लिए फ्लाइट बुक नहीं करा सकी। उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।