जोधपुर31 मिनट पहले
जोधपुर के प्रताप नगर क्षेत्र में एक मकान से साठ लाक रुपए मूल्य के गहने चोरी हो गए। चोरी के बाद खड़े परिजन।
शहर के प्रताप नगर क्षेत्र में गुरुवार को चोरों ने एक सूने मकान में सेंध लगा दी। इस मकान से चोर करीब साठ लाख रुपए मूल्य के एक किलोग्राम सोने व करीब बीस किलोग्राम चांदी के गहने ले गए। परिवार के सदस्य नौ दिन से बाहर गए हुए थे। मां की मौत के बाद उसके गहनों का बंटवारा किया जाना था। इस कारण सारे गहने एक स्थान पर ही रखे हुए थे। भाई-बहनों के बीच गहनों का बंटवारा हो पाता उससे पहले चोरों ने हाथ साफ कर दिया।
प्रताप नगर सेक्टर बी निवासी युसूफ खान के मकान में चोरी की सूचना सबसे पहले निकट ही रहने वाली उनकी बेटी रेशमा को हुई। शाम को घूम कर लौट रही रेशमा ने बंद मकान में लाइट जलती देखी तो चौंक उठी। मकान की चाबी उसके पास ही रखी हुई थी। उसने निकट जाकर देखा तो फाटक के ताला लगा हुआ था, लेकिन अंदर का दरवाजा खुला था। उसने घर से चाबी लाकर गेट का ताला खोल अंदर प्रवेश किया। अंदर का नजारा देख उसके होश उड़ गए। उसने तुरंत अपने पिता युसूफ व भाई को बुलाया। दोनों के पहुंचने के बाद पुलिस को बुलाया गया। रेशमा ने बताया कि चोरों ने पूरे मकान की तलाशी ली। इस दौरान उन्होंने घर में रखे औजारों की सहायता से सारी अलमारियों को तोड़ दिया। चोर मकान की एक अलमारी में रखे करीब एक किलोग्राम सोने के गहनों के अलावा करीब पंद्रह से बीस किलोग्राम चांदी के गहने ले उड़े। उसने बताया कि कुछ दिन पूर्व मां का निधन हो गया था। उनके गहनों का बंटवारा अभी तक किया नहीं गया था। ऐसे में सारे गहने एक ही स्थान पर रखे हुए थे। पिता युसूफ खान अपने एक बेटे के साथ नौ दिन से उसके मकान पर रहने को गए हुए थे। सूचना मिलते ही प्रतापनगर थानाधिकारी सोमकरण मौके पर पहुंचे और उन्होंने क्षेत्र में लगे कैमरों की जांच शुरू कराई। ताकि चोरों के बारे में कोई सुराग लग सके।