भाेला पांडेय/फरीदाबाद37 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

कांग्रेस पर साधा निशाना, कहा हुड्डा की सरकार थ्री डी, दरबारी, दामाद व डीलर की सरकार चलाते थे, बीजेपी ने पूरे प्रदेश की चिंता की।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार को फरीदाबाद के सेक्टर 12 में आयोजित जन उत्थान रैली में हरियाणा सरकार के आठ साल पूरे हाेने के उपलक्ष्य में चार प्रमुख परियोजनाओं का शिलान्यास और उदघाटन किया। इनमें 5,618 करोड़ रुपये लागत की हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर परियोजना का शिलान्यास, सोनीपत जिला के बड़ी में बने 590 करोड़ रुपये लागत के रेल कोच नवीनीकरण कारखाना, 315 करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से रोहतक में बने देश के पहले सबसे लंबे एलिवेटेड रेलवे ट्रैक तथा गुड़गांव के भोंडसी में 106 करोड़ रुपये की लागत के हरियाणा पुलिस आवास परिसर का उद्घाटन किया।
गृह मंत्री ने अपने 30 मिनट के संबोधन में हरियाणा सरकार के कार्यों की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहाकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को आत्मनिर्भर बनाने में जुटे हैं। उन्होंने सोनीपत जिस रेल कोच कारखाने की सौगात दी है, उसमें आने वाले समय में वंदे भारत ट्रेनें भी बनाई जाएगी। उन्होंने ये भी कहा कि रेलवे जल्द ही गुड़गांव से चंडीगढ़ तक शताब्दी ट्रेन चलाएगा। इससे प्रदेश के विकास को और रफ्तार मिलेगी।
हुड्डा की सरकार को बताया थ्री डी की सरकार
केंद्रीय गृह मंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहाकि आठ साल पहले हरियाणा में दो सरकार बनती थी। एक में भ्रष्टाचार हाेता था तो दूसरे में गुंडागर्दी। लेकिन अब मनोहर की सरकार ने इन दोनों व्यवस्था को खत्म करने का काम किया है। उन्होंने भूपेंद्र सिंह हुड्डा का नाम लेकर कहा कि हुड्डा की थ्री डी की सरकार थी। इसमें दरबारी, दामाद और डीलर सरकार चलाते थे। उन्होंने कहा कि पहले सीएम सिरसा या रोहतक के हुआ करते थे। आजादी के बाद पहली बार मनोहर लाल के रूप में हरियाणा के मुख्यमंत्री मिले हैं।

सेक्टर 12 एचएसवीपी ग्राउंड में आयोजित जन उत्थान रैली में उमड़ी भीड़
पिछली सरकारों से मनोहर सरकार सब पर भारी
अमित शाह ने कहा पिछली सरकारों से तुलना करते हुए कहा कि 50 साल की सरकारें एक ओर और 8 साल की हमारी सरकार एक ओर, पलड़ा हमारा भारी है। उन्होंने पिछले 8 साल में हरियाणा सरकार की उपलब्धियों का भी जिक्र किया और मुख्यमंत्री सहित उनकी पूरी टीम को शाबाशी दी।उन्होंने कहा कि हरियाणा पहला राज्य है जो धुंआ मुक्त बना है। हरियाणा में हर घर में गैस का चूल्हा है। खाद्यान्न और दुग्ध उत्पादन में हरियाणा दूसरे स्थान पर है। नेशनल गेम्स और ओलंपिक में हरियाणा पहले स्थान पर रहा है। हरियाणा देश का पहला पढ़ी लिखी पंचायतों वाला राज्य बना है। पूरा हरियाणा खुले में शौच मुक्त है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह व मुख्यमंत्री मनोहर लाल रेल प्रोजेक्ट की जानकारी लेते हुए
प्रदेश में उद्योगों को मिली है रफ्तार
गृह मंत्री ने कहा कि 6 प्रतिशत से अधिक की विकास दर के साथ हरियाणा हर क्षेत्र में आगे रहा है।मैन्युफैक्चरिंग की विकास दर तो 10 प्रतिशत रही है। अमित शाह ने कहा कि 10 साल पहले सॉफ्टवेयर निर्यात में हरियाणा का नाम तक नहीं था लेकिन आज हरियाणा दूसरे नंबर का राज्य बना है। सड़क पर चलने वाली हर दूसरी गाड़ी हरियाणा में बनती है। पिछले 8 सालों में हरियाणा में बहुत बड़ा परिवर्तन आया है। हरियाणा में विश्व की 400 फॉर्च्यून कंपनियां काम कर रही हैं। प्रदेश सरकार ने गुड़गांव को उद्योग का हब बनाने का काम किया है। 8 साल पहले हरियाणा निर्यात में 16वें स्थान पर था लेकिन अब सातवें नंबर पर है, लैंडलॉक श्रेणी में तो हरियाणा देश में दूसरे नंबर पर है। हरियाणा सरकार ने पिछले 8 वर्षों में 98000 लोगों को सरकारी नौकरी देने का काम किया है। मोदी और मनोहर की जोड़ी ने हरियाणा को नंबर एक बनाने का काम किया है।