गुरुग्रामएक घंटा पहले
घटना बुधवार देर रात गुरुग्राम के सेक्टर- 62 की है।
हरियाणा के गुरुग्राम में तेज रफ्तार कार की टक्कर लगने से एक बाइक कार के नीचे फंस गई। नशे में धुत ड्राइवर ने कार को रोकने की बजाय बाइक को करीब 4 किलोमीटर तक घसीटा। घटना बुधवार देर रात सेक्टर- 62 की है। कार के नीचे फंसी बाइक से चिंगारियां निकल रहीं थीं। अच्छा ये रहा कि इस हादसे में बाइक सवार को ज्यादा चोटें नहीं आईं। वे टक्कर के बाद दूर जा गिरे।
पीछे चलने वाले एक शख्स ने इसका वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर अब वायरल हो रहा है। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।

कार के नीचे फंसी बाइक से चिंगारियां निकल रहीं थीं।
रोहित और ऋतिक एक साथ बाइक पर ऑफिस से घर जा रहे थे। जब वे सेक्टर-62 से गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड पर पहुंचे तो एक होंडा अमेज कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों बाइक से दूर जा गिरे। दोनों की जान बच गई। पीड़ित बोले- कार का ड्राइवर नशे में था और एक्सीडेंट के बाद और ज्यादा स्पीड में गाड़ी चलाने लगा।
गाड़ी में घसीटने से जुड़ी 6 बड़ी खबरें पढ़िए…
1. बोनट पर युवक को लटकाकर कार दौड़ाती रही महिला

बेंगलुरु में एक महिला ने कार के बोनट पर एक युवक को लटकाकर कार को करीब एक किलोमीटर तक दौड़ाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ जानलेवा हमले का मामला दर्ज किया गया है। पूरी खबर पढ़ें …
2. बेंगलुरु में स्कूटी सवार ने बुजुर्ग को 1KM घसीटा

बेंगलुरु में स्कूटी सवार एक युवक ने बुजुर्ग को पहले टक्कर मारी और फिर उन्हें एक किलोमीटर तक घसीटते ले गया। वह बार-बार मुड़कर पीछे देखता रहा कि बुजुर्ग उसकी स्कूटी के साथ घिसट रहा है, लेकिन वह रुका नहीं। जब लोगों ने घेरा, तब युवक ने स्कूटी रोकी। पुलिस ने उसे अरेस्ट कर लिया है और पीड़ित बुजुर्ग को अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना बेंगलुरु के मगदी रोड की थी।
मुथप्पा नाम के बुजुर्ग अपनी बोलेरो कार से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान स्कूटी सवार साहिल नाम के युवक ने पीछे से टक्कर मार दी। इस दौरान वह मोबाइल से बात भी कर रहा था। बुजुर्ग अपनी गाड़ी से नीचे उतरे और आरोपी के पास गए। उन्हें देखकर साहिल भागने लगा तो बुजुर्ग ने आरोपी की स्कूटी पीछे से पकड़ ली। ऐसा करने पर भी साहिल रुका नहीं बल्कि उन्हें करीब 1 किलोमीटर तक सड़क पर घसीटते ले गया। पूरी खबर पढ़ें…
3. जंजीर से कुत्ते को बांधकर बाइक सवार ने 2KM तक घसीटा

बिहार के गया जिले में जंजीर से कुत्ते को बांधकर बाइक से घसीटने का वीडियो सामने आया है। वीडियो सोमवार देर रात का है। इसमें बाइक सवार सड़क पर कुत्ते को घसीटता दिख रहा है। उसने करीब 2 किलोमीटर तक जंजीर से कुत्ते को बांधकर घसीटा। बाइक के पीछे चल रहे कार सवार ने इसका वीडियो बनाया।
कार सवार ने जब बाइक वाले से पूछा कि वो कुत्ते के साथ ऐसा क्यों कर रहा है तो उसने कहा कि मैं इसे सैर कराकर ला रहा था। बाइक से घसीटने से कुत्ता पूरी तरह से लहूलुहान हो गया है। उसके चारों पैर और शरीर के कई हिस्सों से खून निकलने लगा। कुत्ता अभी कहां है? इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पूरी खबर पढ़ें…
4. कार सवार लड़कों ने लड़की को 4 KM तक घसीटा

नए साल के जश्न के बीच राजधानी दिल्ली से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। दिल्ली के कंझावला इलाके में कार सवार कुछ युवकों ने एक युवती को टक्कर मार दी। हादसे के बाद युवक कार लेकर भागने लगे। लड़की कार के नीचे फंसी रही और करीब 4 किलोमीटर तक सड़क पर घिसटती रही। उसके कपड़े तक फट चुके थे। लहूलूहान युवती सड़क पर पड़ी रही और दम तोड़ दिया। पूरी खबर पढ़ें…
5. कार ने एक्टिवा को 300 मीटर तक घसीटा

दुर्ग जिले में भीषण सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई। शिवनाथ नदी पर बने ब्रिज पर शनिवार देर रात हादसा हो गया। हादसे में स्कूटर सवार पति-पत्नी की मौत हो गई। मृतक दुर्ग के पोलसायपारा के रहने वाले थे। राजनांदगांव से दुर्ग लौटते समय देर एक कार ने उनके स्कूटर को टक्कर मार दी। पूरी खबर पढ़ें …
6. हॉर्न बजाने पर विवाद, कार ने युवक को टक्कर मारी

दिल्ली के राजौरी गार्डन इलाके में हॉर्न बजाने की बात पर दो पक्षों में झगड़ा हो गया। गुस्से में आकर कार सवार युवक ने एक व्यक्ति को टक्कर मार दी। इसके बाद उसने युवक को बोनट पर आधा किलोमीटर तक दौड़ाया। इस घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। पूरी खबर पढ़ें …