फरीदाबाद7 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

शहर की समस्याओं के बारे में बोले, आठ साल में जितना विकास हुआ, उतना 40 वर्षों में भी नहीं हुआ।
- रैली के बारे में कम, मोदी की उपलब्धियां गिनाते रहे रैली के संयोजक केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की 27 अक्टूबर को सेक्टर 12 एचएसवीपी के मैदान में होने वाली जन उत्थान रैली को लेकर तैयारियां जोरों पर चल रही है। पूरे शहर को पार्टी के बैनर व झंडे लगाए जा रहे हैं। इस रैली में फरीदाबाद के नौ विधानसभा क्षेत्र समेत आसपास के जिलों से भी पार्टी कार्यकर्ता पहुंचेंगे। रैली के संयाेजक एवं केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि रैली में कितनी भीड़ आएगी, रैली के दिन खुद ही इसका अंदाजा लगाइएगा। क्योंकि यह रैली अब तक की सबसे ऐतिहासिक रैली होगी। वह मंगलवार को सेक्टर 11 स्थित एक रेस्टोरेंट में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि रैली सफल बनाने के लिए पार्टी के सभी विधायक और संगठन मिलकर काम कर रहे हैं। हर एक बूथ से कार्यकर्ताओं को रैली में शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है। करीब 40 मिनट की प्रेसवार्ता में केंद्रीय मंत्री प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहरलाल की गुणगान करते रहे। शहर की समस्याओं खासकर, सीवर ओवरफ्लो, सफाई व सड़कों परहुए गड्ढों का जवाब देने से बचत रहे। सवाल पर उन्होंने कहा कि पिछले आठ साल में शहर का जितना विकास हुआ,उतना 40 वर्षों में भी नहीं हुआ।
रेल मंत्री व प्रदेश प्रभारी भी रैली को करेंगे संबोधित
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि जन उत्थान रैली को गृह मंत्री अमित शाह के अलावा मुख्यमंत्री मनोहरलाल, रेलमंत्री अश्निवी वैष्णव, त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरियाणा के प्रभारी बिप्लव देव, भाजपा संसदीय बोर्ड की सदस्य सुधा यादव, प्रदेश अध्यक्ष ओपी धनखड़, मंत्री अनिल विज समेत अन्य मंत्री रैली को संबोधित करंेगे। जन उत्थान रैली में फरीदाबाद को क्या सौगात मिलने वाली है, इस सवाल पर केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि 8 साल में मोदी और मनोहर ने शहर को बहुत कुछ दिया है। अब मांगने की जरूरत नहीं है।

सेक्टर 12 में आयोजित होने वाली रैली स्थल का निरीक्षण करते केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर व अन्य नेता
रैली स्थल का किया निरीक्षण
केन्द्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर और प्रदेश के परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने रैली स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों से सुरक्षा आदि के बारे में जानकारी ली। मंत्रियाें ने रैली स्थल पर वीवीआईपी, वीआईपी स्टेज, मिडिया गैलरी, सांस्कृतिक टीमों, महिलाओं तथा पुरूषों के उचित बैठने के स्थानों के निर्धारण, रैली में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए की जा रही व्यवस्था को देखा।उन्होंने कहा कि जिस भी अधिकारी को जहां दायित्व सौंपा है, वह निर्धारित समय में काम पूरा करना सुनिश्चित करें। गृह मंत्री के आगमन को लेकर सरकार ने जो गाइडलाइन जारी की है, उनके अनुरूप सभी विभागों के अधिकारी और कर्मचारी अपनी ड्यूटी पर मौजूद मुस्तैद रहे। इस मौके पर विधायक सीमा त्रिखा, नरेन्द्र गुप्ता, राजेश नागर, नयन पाल रावत, पलवल विधायक दीपक मंगला, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव अजय गौड, बीजेपी के प्रदेश महामंत्री सन्दीप जोशी, जिला अध्यक्ष गोपाल शर्मा, चंडीगढ़ मुख्यालय से प्रशासनिक अधिकारी महाबीर प्रसाद समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।