- Hindi News
- National
- Udaipur Airport Controversy; Delhi Patna Indigo Airlines Passenger Complaint ToDGCA
नई दिल्ली6 मिनट पहले
यात्री की शिकायत के बाद एयरलाइंस को जब अपनी गलती का एहसास हुआ तो उसे दूसरे दिन वापस पटना रवाना किया गया।
इंडिगो एयरलाइंस ने दिल्ली से पटना जाने के लिए निकले पैसेंजर को उदयपुर पहुंचा दिया। यात्री की शिकायत के बाद एयरलाइंस को जब अपनी गलती का एहसास हुआ तो उसे वापस दूसरे दिन पटना के लिए रवाना किया गया। यात्री ने इसकी शिकायत डायरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) से की है। DGCA ने जांच के आदेश दे दिए हैं।
इंडिगो एयरलाइंस ने एक महीने के अंदर ऐसा दूसरी बार किया है। इससे पहले एयरलाइंस ने 13 जनवरी को इंदौर जाने वाले यात्री को नागपुर पहुंचा दिया था। इधर, यात्री की शिकायत के बाद DGCA ने एयरलाइंस कंपनी से जवाब मांगा है। बोर्डिंग से पहले बोर्डिंग पास को नियमानुसार दो बिंदुओं पर चेक किया जाता है तो वह गलत फ्लाइट में कैसे चढ़ गया?
30 जनवरी की घटना
DGCA के अधिकारी ने बताया- यात्री का नाम अफसर हुसैन है। हुसैन ने इंडिगो की फ्लाइट 6E-214 में पटना के लिए टिकट बुक की थी। 30 जनवरी 2023 को हुसैन अपनी फ्लाइट के तय समय पर दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंच गए। लेकिन गलती से उन्हें फ्लाइट नंबर 6E-319 में बैठा दिया गया, जो उदयपुर जा रही थी। यात्री जब उदयपुर पहुंचा तो उसे अपनी गलती का एहसास हुआ।
इसके बाद उदयपुर एयरपोर्ट पर अफसर हुसैन ने अधिकारियों से इसकी शिकायत की। इसके बाद एयरलाइन उसी दिन यात्री को फ्लाइट से वापस दिल्ली लाई। दिल्ली में एक दिन स्टे करने के बाद 31 जनवरी को उसे फ्लाइट से पटना भेजा गया।
DGCA ने कहा- बोर्डिंग पास ठीक से चेक नहीं हुआ
DGCA के एक अधिकारी ने बताया- हमें यात्री ने शिकायत की है। बोर्डिंग से पहले बोर्डिंग पास को नियमानुसार दो बिंदुओं पर जांचा जाता है तो वह गलत फ्लाइट में कैसे चढ़ गया? जांच में यह पता लगाया जाएगा कि यात्री के बोर्डिंग पास को अच्छी तरह से स्कैन क्यों नहीं किया गया। हमने इस मामले में कंपनी से रिपोर्ट मांगी है। मामले की जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
इंडिगो ने माफी मांगी
इंडिगो ने मामले पर शुक्रवार को बयान जारी करके कहा- हम 6E-319 दिल्ली-उदयपुर उड़ान में एक यात्री के साथ हुई घटना की जानकारी हैं। हम इस मामले में अधिकारियों के साथ बातचीत कर रहे हैं। यात्री को हुई असुविधा के लिए हमें खेद है।
ये खबरें भी पढ़ें…
DGCA ने गो फर्स्ट पर लगाया 10 लाख रुपए जुर्माना: 55 यात्री को बेंगलुरु में छोड़कर दिल्ली के लिए उड़ गया था विमान

डायरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) ने गो फर्स्ट एयरलाइन पर 10 लाख जुर्माना लगाया है। दरअसल, 9 जनवरी को गो फर्स्ट की फ्लाइट 55 यात्रियों को बेंगलुरु एयरपोर्ट पर छोड़कर दिल्ली के लिए उड़ गई थी। जांच में पाया गया कि कम्युनिकेशन में हुई दिक्कत की वजह से यह गड़बड़ी हुई। पढ़े पूरी खबर…
एअर इंडिया ने फ्लाइट में शराब परोसने की पॉलिसी बदली: जब तक क्रू न परोसे, तब तक शराब नहीं पी सकेंगे यात्री

एअर इंडिया ने पेशाब कांड और यात्रियों की अभद्रता की घटनाओं के बाद मंगलवार को फ्लाइट में शराब परोसने की पॉलिसी में बदलाव किया है। बदली हुई नीति के अनुसार, पैसेंजर्स को फ्लाइट में तब तक शराब पीने की अनुमति नहीं होगी जब तक क्रू मेंबर्स उन्हें शराब न परोसें। केबिन क्रू को उन पैसेंजर्स की पहचान करने के लिए चौकस रहने को कहा गया है, जो फ्लाइट में अपनी शराब पी रहे हों। पढ़े पूरी खबर…
एअर इंडिया फ्लाइट में महिला पर पेशाब की दूसरी घटना: पेरिस-दिल्ली उड़ान में नशे में था आरोपी; माफी मांगने पर छोड़ा

एअर इंडिया की एक और फ्लाइट में महिला यात्री के ऊपर पेशाब करने का मामला सामने आया है। यह घटना पहले वाली घटना के 10 दिन बाद 6 दिसंबर को हुई थी। मामला अब सामने आया है। यह फ्लाइट पेरिस से दिल्ली आ रही थी। एयरलाइन का कहना है कि आरोपी ने लिखित माफी मांग ली थी, इसलिए उस पर एक्शन नहीं लिया गया। पूरी खबर पढ़ें