पानीपत2 घंटे पहले
केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा गणतंत्र दिवस के अवसर पर हरियाणा पुलिस के 14 अधिकारियों व कर्मियों को विशिष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक से अलंकृत किया गया है। घोषित किए गए कुल 14 पदकों में से एक पुलिस अधिकारी को विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक तथा 13 अन्य को सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक से सम्मानित किया जाएगा।
इन 13 पुलिसकर्मियों में पानीपत जिले के रहने वाले ASI देवेंद्र कुमार भी शामिल हैं। जोकि पंचकूला में DIG लॉ एंड ऑडर एवं मुख्यालय के रीडर के रूप में कार्यरत है।
परिवार और गांव वालों को मेडल समर्पित
ASI देवेंद्र कुमार पानीपत के गांव बबैल के रहने वाले हैं। वे हरियाणा पुलिस में वर्ष 2001 में सिपाही के पद पर भर्ती हुए थे। अपनी 21 साल की ड्यूटी के दौरान देवेंद्र कुमार की अधिकतर ड्यूटी VIP ड्यूटी रही है। कोरोना काल में भी उन्होंने बहुत ही निष्ठा से अपनी ड्यूटी निभाई।

पुलिस पदक के लिए चयनित होने पर उन्होंने कहा कि यह अचीवमेंट पूरे गांव की है। ये मेडल वे अपने उच्च अधिकारियों व पूरे गांव को समर्पित करते हैं। उनका कहना है कि हमेशा ही उसके परिवार व गांव वालों का आशीर्वाद उनके साथ रहता है।
खुशी बहुत है, मगर शब्द नहीं है: भाभी सीमा
ASI देवेंद्र की भाभी सीमा ने कहा कि ये बहुत ही खुशी का मौका है। यह ऐसा पल है, जब हम अपनी खुशी को शब्दों में बयां नहीं कर सकते हैं। देवेंद्र को उनकी मेहनत और ईमानदारी का फल मिला है। लाख कठिनाई आई होंगी, मगर कभी सत्य और ईमानदारी का रास्ता नहीं छोड़ा।
हालांकि उनका पहले भी दो बार नाम विभाग की ओर से भेजा गया था। उस दौरान उम्र को प्राथमिकता दी गई थी। मगर, इस बार इनका चयन हो गया है। यह बहुत ही गौरव का क्षण है।

सराहनीय सेवाओं के लिए इन्हें मिला पदक
सतेंद्र कुमार गुप्ता IGP (करनाल रेंज) करनाल, B सतीश बालन IGP (STF), वीरेंद्र कुमार विज DCP (ईस्ट) गुरुग्राम, सुरेंद्र सिंह DCP (CID) नई दिल्ली, राजकुमार रंगा ACP पंचकूला, हरिकिशन इंस्पेक्टर स्टेट क्राइम ब्रांच, SI रमेश कुमार अंबाला, दिनेश सिंह SI प्रथम IRB भोंडसी गुरुग्राम, नरेश कुमार SI रोहतक, देवेंद्र कुमार ASI पानीपत, राम पाल EASI(CID) चंडीगढ़, सज्जन कुमार ORP ASI हिसार और सुनील कुमार हेड कॉन्स्टेबल को आज सम्मानित किया जाएगा।

DGP ने दी बधाई
हरियाणा DGP प्रशांत कुमार अग्रवाल ने विशिष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक से अलंकृत होने वाले सभी अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि हमारे 14 अधिकारियों का इन महत्वपूर्ण एवं प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चुना जाना समस्त हरियाणा पुलिस के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस उपलब्धि से पुलिस पदक से अलंकृत होने वालों के साथ-साथ राज्य पुलिस बल के अन्य अधिकारियों व जवानों का भी मनोबल बढ़ेगा।