फरीदाबाद4 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

इंसोनियत चैरिटेबल ट्रस्ट ने की शुरूआत, इसके पहले नवचेतना ट्रस्ट चला रहा था भोजनालय।
कोरोना काल में करीब ढाई साल से बंद बीके अस्पताल का भोजनालय एक बार फिर से शुरू हो गया है। केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने इंसोनियत चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा शुरू किए गए इस भोजनालय की शुरूआत की। इसमें अस्पताल में जाने वाले गरीब मरीजाें और उनके तीमारदारों को दोपहर में मुफ्त में खाना मिलेगा। जबकि अन्य के लिए प्रति प्लेट दस रुपए चार्ज किया जाएगा। पहले इस भोजनालय को नवचेतना ट्रस्ट द्वारा चलाया जा रहा था।
ट्रस्ट के प्रधान सुरेंद्र कौशिक ने बताया कि सामान्य लोगों को दस रुपए में रोजाना सब्जी, दाल, रोटी और चावल मिलेगा। भोजनालय का समय सुबह 11 से दोपहर दो बजे तक रखा गया है। उन्होंने बताया कि अभी ट्रस्ट करीब 500 लोगों का भोजन उपलब्ध कराएगा। इसके बाद जरूरत पड़ने पर इनकी संख्या 1000 प्रतिदिन कर दी जाएगी। इस ट्रस्ट में नगर निगम व अन्य विभागों से रिटायर्ड कई अधिकारी भी जुड़े हुए हैं। उद्घाटन मौके पर केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि इस शहर में देने वालों की कोई कमी नहीं है। उम्मीद है कि गरीबों की सेवा के लिए खोला गया ये भोजनालय बंद नहीं होगा। इस मौके पर विधायक सीमा त्रिखा, सीएम के मीडिया सलाहकार अजय गौड़, ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष रमेश बंसल, एसके मित्तल, सुरेश शर्मा, धर्म सिंह, आरडी शर्मा समेत अन्य सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी शामिल थे।