फरीदाबाद2 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

आंदोलन में उन्हें झांसा देने का लगाया आरोप, बोले सरकार से सिर्फ सफाईकर्मियाें के हितों की हुई बात, उन्हें अंधेरे में रखा।
नगर निगम में 11 दिनों तक चली कर्मचारियों की हड़ताल पर विवाद हो गया है। आउटसोर्सिंग पर लगे क्लर्क व इंजीनियरों ने कर्मचारी संघ पर धेाखा देने का आरोप लगाते हुए कर्मचारी नेताओं का जमकर खरी खोटी सुनाई। कर्मचारियों का कहना है कि आंदोलन में उन्हें प्रयोग कर कर्मचारी नेताओं ने अपने कर्मचारियों का हित साधने का काम किया।
बता दें कि नगर निगम के कर्मचारी गत 19 अक्टूबर से विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल पर थे। इनमें आउटसोर्सिंग पर लगे क्लर्क और जेई भी शामिल थे। क्लर्क और जेई हरियाणा कौशल रोजगार निगम में पंजीकरण का विरोध और चार माह का बकाया वेतन की मांग कर रहे थे। शनिवार को सरकार से हुई बातचीत में कर्मचारी नेताओं ने सफाईकर्मियों के मुद्दों को प्रमुखता से रखते हुए कई मांगों पर सहमति बनवा ली। लेकिन आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की हितों पर कोई बात नहीं बनी। इस बात की जानकारी होने पर उक्त कर्मचारी नाराज हो गए। कर्मचारियों ने यूनियन नेताओं को निगम सभागार में बुला कर जमकर खरी खोटी सुनाई। कर्मचारियों ने कहा कि जिन मांग को लेकर वह हड़ताल में शामिल हुए थे उसे सरकार के सामने रखा ही नहीं गया। यूनियन नेताओं ने सिर्फ अपने सफाईकर्मियों का साथ दिया। आउटसोर्सिंग के कर्मचारियों को आंदोलन के नाम पर सिर्फ यूज किया गया। अब ऐसा नहीं होगा।